यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को 102 एंबुलेंस सेवा का उद्घाटन किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि यूपी में आज तक इतनी सुविधाएं कभी नहीं दी गईं। सपा सरकार ने यूपी को विकास की राह पर तेजी से बढ़ाया है।
अखिलेश ने कहा कि 102 एंबुलेंस सेवा से गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सपा सरकार ने जनता के द्वार तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई हैं।
हर ब्लाक में निशुल्क एंबुलेंस सेवा
अखिलेश ने बताया कि सपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि मरीजों, गर्भवती महिलाओं व हादसों में घायलों को तत्काल स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक ब्लाक में निशुल्क एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था की गई है।
टोल फ्री 108 नंबर पर फोन करके किसी भी समय एंबुलेंस की सुविधा प्राप्त की जा सकती है।
सरकार अब गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के इलाज में सहूलियत देने के लिए 102 सेवा भी शुरू कर रही है। इससे महिला एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में 30 और शहरी क्षेत्रों में 20 मिनट में 102 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध होगी।
सिर्फ मुसलमानों की पार्टी नहीं
यूपी सरकार पर मुसलमानों की हिमायती होने की बात पर सफाई देते हुए अखिलेश ने बताया कि सपा सरकार सिर्फ मुसलमानों की पार्टी नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार हर वर्ग के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।