मंत्री पद से बर्खास्त किए जाने के साथ ही राज्य संपत्ति विभाग ने ओमप्रकाश राजभर को मंत्री आवास खाली करने का नोटिस भेज दिया है। उन्हें दारुलशफा में दूसरा आवास आवंटित भी कर दिया गया है। बतौर मंत्री राजभर को कालिदास मार्ग स्थित श्रेणी-6 का आवास नंबर 9-ए आवंटित था।
अब उन्हें दारुलशफा स्थित विधायक निवास-2 (नया) में श्रेणी-4 का आवास नंबर 128 आवंटित किया गया है। राजभर अब बतौर विधायक वहीं रहेंगे। इसके अलावा राजभर की पार्टी के विधायक त्रिवेणी राम के नाम पर राजभवन कॉलोनी के आवास का आवंटन भी निरस्त कर दिया गया है। उन्हें डालीबाग स्थित बहुखंडी विधायक निवास में दूसरा आवास आवंटित कर दिया गया है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान समाप्त होने के अगले ही दिन 20 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओमप्रकाश राजभर को पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया था। उसी दिन इसके ठीक बाद राज्य संपत्ति विभाग ने राजभर के मंत्री आवास का आवंटन निरस्त कर उन्हें मकान खाली करने का नोटिस भेज दिया था।
उनके लिए दारुलशफा में नए आवास के आवंटन की सूचना भी भेज दी गई थी। आवंटन आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि ओमप्रकाश राजभर के नाम पहले कोई दूसरा आवास आवंटित किया गया होगा तो उसका आवंटन निरस्त समझा जाएगा।
उधर, ओमप्रकाश राजभर का कहना है कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि मंत्री पद से हटाने के तत्काल बाद किसी नेता को मकान खाली करने का नोटिस भेजा गया हो। उन्हें मकान खाली करने के लिए कम से कम 15 दिन का समय देना चाहिए था।
उन्होंने कहा, इस समय मैं दिल्ली में हूं और वापस आते ही मंत्री आवास खाली कर दूंगा। राजभर ने कहा कि जो आवास उन्हें आवंटित किया गया है, उसका ताला पिछले 20 साल से नहीं खुला है। इससे लगता है कि सरकार अब उनका और उनके कार्यकर्ताओं को तरह-तरह से उत्पीड़न कर सकती है।