श्रावस्ती। साहब, प्रधान ने 60 मीटर इंटरलॉकिंग का काम अधूरा छोड़ दिया है। इससे ग्रामीणों को परेशानी होती है। इसकी कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। जमुनहा में आयोजित तहसील दिवस में फरियाद लेकर आए आए काशीपुरवा निवासी तिलकराम यादव ने एसडीएम संजय कुमार राय को अपनी समस्या बताई। इस पर उन्होंने संबंधित को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए।
जिले की तहसीलों में शनिवार तहसील समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान 10 प्रतिशत मामलों का भी मौके पर समाधान नहीं हुआ। जिले की तीनों तहसील में आई 158 शिकायतों में से मात्र 16 मामलों का ही निस्तारण हुआ। तुलसीपुर बाजार निवासी सुशील ने बताया कि बाजार में नाला निर्माण के लिए डीएम से कई बार शिकायत की गई। डीएम के निर्देश पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने पैमाइश भी की। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ददौंरा निवासी होली राम ने बताया कि उसके घर से गांव निवासी अवधेश के घर तक नाली निर्माण न होने से लोगों के घरों का पानी मार्ग पर भरा रहता है। हरदत्त नगर गिरंट निवासी शंभू ने गाटा संख्या 972 व 983 को पट्टे की भूमि बताते हुए कब्जा दिलाने की मांग की। इस पर एसडीएम ने जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। यहां कुल 37 शिकायतें मिलीं। इनमें से तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका।
वहीं इकौना में डीएम अजय कुमार द्विवेदी व एसपी घनश्याम चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 101 प्रार्थना पत्र आएं, जिसमें से मौके पर मात्र सात शिकायतों का निस्तारण किया गया। वहीं भिनगा में 20 में से मौके पर छह शिकायतें निस्तारित हुईं। इस दौरान सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद