छात्रवृत्ति और शुल्क की भरपाई से वंचित रह गए 36 जिलों के एससी छात्रों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। इन जिलों के समाज कल्याण अधिकारियों ने बार-बार मांगे जाने के बावजूद छात्रों की सूची नहीं भेजी है।
विज्ञापन
समाज कल्याण विभाग का कहना है कि जिन जिलों से सूचना मिल गई है, वहां के छात्रों के खातों में अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में राशि भेज दी जाएगी।
वर्ष 2014-15 में खाता संबंधी खामियों के चलते तमाम छात्रों को न तो छात्रवृत्ति मिल पाई थी और न ही शुल्क की भरपाई हो सकी थी। शासन ने अनुसूचित जाति के छूटे छात्रों को इस योजना का लाभ देने का फैसला किया, जबकि बजट के अभाव के चलते सामान्य और पिछड़े वर्ग के छात्रों के बारे में विचार नहीं किया जा सका।
एससी छात्रों के मामले में 31 जुलाई तक रिपोर्ट मांगी गई थी, मगर तब तक महज 15 जिलों से ही सूचना मिल सकी।
अगस्त में समाज कल्याण निदेशालय ने जिला समाज कल्याण अधिकारियों को कड़ी चिट्ठी लिखी तो 39 जिलों ने छात्रवृत्ति एवं शुल्क की भरपाई से वंचित रह गए छात्रों की सूची उपलब्ध करा दी।
36 जिलों से यह सूची अभी तक नहीं मिली है। नतीजतन, शासन को 39 जिलों के करीब 65 हजार छात्रों की सूची ही अग्रसारित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि समय रहते राशि की मांग की जा सके।
दोषी जिला समाज कल्याण अधिकारियों पर होगी कार्रवाई समाज कल्याण विभाग का कहना है कि सूचना न भेजने वाले जिलों से छात्रवृत्ति या शुल्क की भरपाई न होने की शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। दोषी जिला समाज कल्याण अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।