बलिया मे प्रतिबिंबित संगठन सीपीआई माओवादी के सदस्य की गिरफ्तारी के मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने यूपी सहित चार राज्यों में छापेमारी की।
इसी मामले में बीते साल 6 सितंबर को वाराणसी, चंदौली, प्रयागराज, देवरिया और आजमगढ़ मे छापा मारकर प्रमाण जुटाए गए थे। शुक्रवार को भी इन्हीं जिलों में छापेमारी की गई गई है। एनआईए जांच में खुलासा हुआ है कि प्रतिबंधित संगठन के कई सहयोगी संगठन देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए युवाओं की भर्ती कर रहे हैं।
छापेमारी में एनआईए की टीम ने मोबाइल, लैपटॉप, पेन ड्राइव, सीडी, मेमोरी कार्ड और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं।
इसके पहले अगस्त 2023 में बिहार पुलिस ने रितेश विद्यार्थी के भाई रोहित विद्यार्थी को गिरफ्तार किया था। रोहित से पूछताछ के बाद राज्य पुलिस ने सीसीआई (माओवादी) के उत्तरी क्षेत्र के प्रभारी प्रमोद मिश्रा को गिरफ्तार किया था। इन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने हथियार, गोला बारूद और एक बंदूक कारखाने को जब्त किया था।
प्रयागराज में इंकलाबी नौजवान मोर्चा के सदस्य के घर छापा मारा
प्रयागराज में एनआईए की टीम ने इंकलाबी नौजवान मोर्चा के सदस्य देवेंद्र आजाद के कमरे पर छापा मारा। देवेंद्र शिवकुटी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर सलोरी में स्थित एक लॉज में रहता है। छापेमारी से शिवकुटी इलाके में स्थित लॉज में खलबली मच गई। टीम में छह सदस्य शामिल रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय पुलिस भी पहुंची। देवेंद्र के कमरे की काफी देर तक तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया है।
एनआईए की टीम दोपहर में प्रयागराज पहुंची थी और करीब 12 बजे तक यह कार्रवाई चलती रही। पिछले साल भी शिवकुटी में पीयूसीएल की प्रदेश अध्यक्ष सीमा आजाद के घर समेत शहर में चार जगह पर पहुंच कर सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसी तरह प्रदेश के पांच जिलों में छापेमारी की गई।