यूपी विधानसभा में 12 जुलाई को कथित विस्फोटक मिलने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) अभी केस अपने हाथ में नहीं लेगी। सूत्रों का कहना है कि यूपी एटीएस की ओर से केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला हैदराबाद भेजे गए नमूने की रिपोर्ट आने के बाद इस पर फैसला होगा।
जांच में अगर पीईटीएन पॉजिटिव पाया जाता है, तभी एनआईए इसकी जांच अपने हाथ में लेगी। सूत्रों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट पर आगरा और लखनऊ के एफएसएल में छिड़े विवाद पर एनआईए की भी नजर है।
शायद यही वजह है कि अब नमूने को हैदराबाद स्थित हैदराबाद भेजा गया है ताकि उक्त पदार्थ में कौन-से तत्व थे, इसकी सच्चाई सामने आ सके।
वहीं, मामले का जायजा लेने लखनऊ पहुंचे एनआईए के एसपी अतुल गोयल और फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. बीएस वासवानी गुरुवार को दिल्ली चले गए।