माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय ने प्रदेश में गत वर्ष सहायता प्राप्त स्कूलों में प्रशिक्षित स्नातक एवं प्रवक्ता संवर्ग में नवनियुक्त शिक्षकों को शपथ पत्र लेकर वेतन भुगतान कराने के आदेश जारी किए हैं। उतर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने 15 मई को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को ज्ञापन देकर छह महीने से शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने का मामला उठाया था।
संघ के अध्यक्ष हेमसिंह पुंडीर ने उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर बताया था कि महामारी में बोर्ड और विश्वविद्यालयों में दस्तावेज सत्यापन का कार्य नहीं हो रहा है। दस्तावेज सत्यापन के अभाव में शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उप मुख्यमंत्री ने मामले में विभाग के निदेशक को कार्यवाही के निर्देश दिए। निदेशक ने सोमवार को सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर नवनियुक्त शिक्षकों से शपथ पत्र लेकर वेतन भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।