उत्तर प्रदेश के पत्रकार जगेंद्र सिंह के बड़े बेटे राजवेंद्र सिंह ने शाहजहांपुर के न्यायिक मजिस्ट्रेट को 21 जुलाई को एक लिखित बयान दिया है। इसमें उन्होंने माना है कि उनके पिता ने खुद को आग लगाई थी।
राजवेंद्र ने बीबीसी से बातचीत में बताया, ''मेरे पिता उन लोगों के चक्कर में पड़ गए थे जो मंत्री राममूर्ति वर्मा को पद से हटाना चाहते थे।''
उन्होंने आगे बताया, ''उनके एक साथी थे जो हमेशा उनके साथ रहते थे। उन्होंने भी इस बात की पुष्टि की है। साथ ही उन्होंने अस्पताल में यह बात मां को भी बताई थी।''
राजवेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में जो याचिका दी थी वो कोर्ट ने निरस्त कर दी है और वो नहीं चाहते कि अब इस मामले की जांच सीबीआई करे।