दांतों की समस्याओं से परेशान मरीज अब बलरामपुर अस्पताल में बेहतर इलाज पा सकेंगे। अस्पताल में अत्याधुनिक डेंटल यूनिट शुरू की गई है। इसमें मसूड़ों में कीड़े, सूजन, पायरिया, दांतों में असमानता, रूट कैनाल जैसी दांत से जुड़ी बीमारियों का इलाज होगा। यूनिट में जरूरत अनुसार ऑपरेशन भी किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस यूनिट का गुरुवार को महापौर संयुक्त भाटिया ने शुभारंभ किया। डेंटल यूनिट प्रभारी डॉ. सतेंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक सरकारी अस्पतालों में अभी भी अलग डेंटल यूनिट नहीं है, जहां रेडियो वीडियोग्राफी (आरवीजी) की सुविधा उपलब्ध हो। बलरामपुर पहला जिला अस्पताल है जहां इस स्तर की डेंटल यूनिट शुरू हुई है। उन्होंने बताया कि आरवीजी की मदद से मसूड़ों व दांत का एक्स-रे किया जाता है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि यूनिट चालू होने के बाद दांतों से जुड़ी समस्याओं का इलाज कम खर्च में हो सकेगा। इस मौके चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी, डेंटल यूनिट के डॉ. सतेंद्र तिवारी, डॉ. स्नेहा चंद्रा, डॉ. अनुभा लाल आदि मौजूद रहे। (माई सिटी रिपोर्टर)