उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को नए मामलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 592 नए मामले सामने आए हैं।
इस समय यूपी में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 6,237 है, वहीं अब तक 10,369 लोग पूरी तरह से डिस्चार्ज होकर ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस से 529 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में 14,048 सैंपलों की जांच की गई। अब तक कुल 5,42,972 सैंपलों की जांच की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हमने डिस्चार्ज पॉलिसी में संशोधन का नया आदेश जारी किया है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की डिस्चार्ज पॉलिसी के अनुसार अब जो बिना लक्षण वाले (एसिम्टोमैटिक) कोरोना मरीज हैं, उन्हें 10 दिन के बाद बिना टेस्ट कराए उनके घर भेज दिया जाएगा।
उसके बाद उन्हें सात दिनों तक होम क्वारंटीन में रहना होगा। बिना लक्षण वाले मरीजों के मामले में ये सामने आया है कि 10 दिनों के बाद वो दूसरों को संक्रमित नहीं करते हैं।