लखनऊ। राजधानी में सोमवार और मंगलवार को उत्पन्न हुआ बिजली संकट की आग जिम्मेदारों की लापरवाही और बढ़ गया। प्रचंड गर्मी में भी जिम्मेदार फॉल्ट दुरुस्त करने और जली एबीसी बदलने में लापरवाही बरत रहे हैं। इससे पूरी-पूरी रात कई परिवार बिना बिजली के काट रहे। इसके विरोध में जगह-जगह उपकेंद्रों पर हंगामा हो रहा है, मगर लापरवाहों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
घंटाघर नीबू पार्क उपकेंद्र इलाके में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एलडीए ठेकेदार के मजदूरों ने 33 हजार वोल्ट का भूमिगत केबल काट दिया। इससे हुसैनाबाद, घंटाघर, लाजपतनगर, कोनेश्वर चौराहा रोड, रामगंज, मुफ्तीगंज, यूनिटी लॉ कॉलेज सहित आसपास के इलाकों की बिजली गुल हो गई। उपकेंद्र के जेई ने वैकल्पिक स्रोत से बिजली चालू की, मगर कटे केबल को सही नहीं किया। नतीजा, रात करीब 11:30 बजे वैकल्पिक स्रोत केबल में भी फॉल्ट आ गया और करीब 5,000 घरों में अंधेरा हो गया।
बिजली बंद होते ही जिम्मेदारों ने फोन बंद कर लिए। महताब बाग इंटरलिकिंग लाइन से घंटाघर नीबू पार्क को चालू किया, मगर ओवरलोडिंग के कारण बिजली नहीं चल सकी। 5,000 परिवार करीब रात 2:15 बजे तक जागते रहे। इसके बाद बिजली आई, तब राहत की सांस ली। 33 केवी लाइन को दिन में ही सही कर लिया होता तो शायद जनता को रात में संकट का झटका नहीं लगता। 33 केवी एक्सईएन जय प्रकाश ने बताया कि जेई-एसडीओ का कहना है कि एक केबल से बिजली चल रही थी, इसीलिए कटे केबल को तुरंत नहीं बनाया।
एबीसी में आग, 12 घंटे रहा संकट
उपकेंद्र पर कर्मियों की कमी का खामियाजा आम उपभोक्ता को भुगतना पड़ रहा है। यूपीआईएल उपकेंद्र के रानीगंज में सोमवार रात करीब 11:30 बजे एबीसी में आग लगने से बिजली गुल हुई, जो 12 घंटे के बाद मंगलवार दोपहर 11:45 बजे बहाल हुई। उपभोक्ताओं ने बताया कि बिना बिजली वे पानी के लिए भी तरस गए। उपकेंद्र पर गए तो ऑपरेटर ने बताया कि रानीगंज से पहले तीन अन्य जगहों पर एबीसी जल गई है, पहले वहां बदली जाएगी। उपकेंद्र पर कर्मियों का जबरदस्त अभाव है।
उपकेंद्र में तोड़फोड़, बिजली चालू होने से लाइनमैन गिरा
आरडीएसओ उपकेंद्र में घुसकर तोड़फोड़ करने के बाद अचानक बंद बिजली चालू कराने पर सीढ़ी पर चढ़ा लाइनमैन घबराकर नीचे गिर गया और जख्मी हो गया। उसका अस्पताल में उपचार हो रहा है। इस सिलसिले में जेई मुकुल यादव ने पारा थाना प्रभारी को तहरीर दी है, मगर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जेई के मुताबिक, मर्दनखेड़ा निवासी ऑपरेटर को लोग उपकेंद्र से उठा ले गए थे। इससे पहले लोगों ने मेज-कुर्सी तोड़ दी और मोबाइल का चार्जर को तोड़कर फेंक दिया। इससे जनता की ढाई घंटे तक बिजली बंद रही।
नूरबाड़ी के वजीरबाग में 17 घंटे बिजली-पानी ठप, हंगामा
नूरबाड़ी उपकेंद्र के तहत वजीरबाग में 17 घंटे बिजली-पानी ठप होने से मंगलवार को त्राहि-त्राहि मच गई। वजीरबाग में सोमवार रात 10 बजे 630 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। एसडीओ गुलरेज के मुताबिक, ट्रांसफार्मर से एक फेज की आपूर्ति बंद हो गई थी। इस पर लोगों ने हंगामा किया। मंगलवार को दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया, मगर बिजली चालू नहीं हो सकी। एसडीओ ने बताया कि एबीसी की अतिरिक्त सर्किट बनने पर दोपहर 3 बजे के बाद बिजली चालू हुई।