शहर के खुले पड़ाव घरों पर जमा 15 हजार टन कूड़े के जल्द उठान को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सभी जोनल अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं।
वहीं, सफाई कार्य से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रशासन दावा तो कर रहा है, पर डबल शिफ्ट में काम हो तो भी कूड़ा उठान में तीन दिन लग जाएंगे।
डीजल की कमी के चलते दस दिनों से कूड़ा उठान की ठप व्यवस्था को लेकर अमर उजाला ने सोमवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
इसके बाद अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय ने सभी जोनल अफसरों के साथ बैठक कर हर हाल में सभी पड़ाव घरों से कूड़ा उठान के निर्देश दिए।
अपर नगर आयुक्त ने कहा कि डीजल की कमी दूर कर दी गई है। जोनल अफसरों से कहा गया है कि वह अभियान के तौर पर कूड़े का उठान पड़ाव घरों से करें और रिपोर्ट भी भेजें।
जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर
महानगर में आने वाले विवेकानंदपुरी और बेगम हजरत महज बजरंग बली वार्ड में सुबह साढ़े दस बजे तक कई जगहों पर कई ट्रक कूड़े का ढेर लगा था। यही हाल जानकीपुरम, निशातगंज सहित अन्य इलाकों का भी रहा।