लखनऊ। विकासनगर रिंग रोड पर रविवार दोपहर गुलशन खातून (42) की चाकू से गोदकर उसके पति शकील अंसारी ने हत्या कर दी। इसके बाद वह खून से सना चाकू लेकर खुद गुडंबा थाने पहुंचा और खुद को पुलिस के हवाले कर बोला कि मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
बिहार गोपालगंज निवासी शकील अंसारी ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी गुलशन खातून गुडंबा में रह रही थी। दंपती के बीच कई साल से विवाद चल रहा था जिसका मुकदमा बिहार के गोपालगंज में भी दर्ज है। गुलशन की शिकायत पर शकील को बिहार में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। करीब एक महीने पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था। प्रभारी निरीक्षक विकासनगर आनंद कुमार तिवारी के मुताबिक, गुलशन खातून महीने भर से खुर्रमनगर में बहन रूबी खातून के घर रह रही थी। रविवार को शकील साली के घर पहुंचा और पत्नी को गुडंबा चलने के लिए साथ ले आया। रिंग रोड स्थित जगरानी अस्पताल के सामने पहुंचने पर शकील व गुलशन के बीच कहासुनी होने लगी। इस दौरान ही शकील ने चाकू निकालकर गुलशन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। पेट में चाकू लगने से गुलशन खून से लथपथ होकर गिर पड़ी।
सरेराह महिला पर चाकू से हमला होते देख राहगीर मदद के लिए दौड़े। इस बीच शकील भाग निकला। राहगीरों ने गुलशन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। विकासनगर पुलिस भी पहुंच गई। शकील कुछ देर बाद खून से सना चाकू लेकर गुडंबा थाने पहुंचा। थाने में घुसते ही शकील ने शोर मचाते हुए कहा कि साहब मैंने पत्नी को मार दिया है। शकील को हिरासत में लेकर प्रभारी निरीक्षक गुडंबा सतीश चंद्र साहू ने पूछताछ की। शकील ने गुलशन की हत्या की बात कुबूल की। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह को जानकारी दी। शकील के थाने में समर्पण की सूचना पर विकासनगर थाने की पुलिस पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।