लखनऊ। गोसाईंगंज के जौखंडी गांव में शनिवार देर रात एक व्यक्ति ने डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने कुछ घंटों में ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया। छानबीन में पता चला कि पत्नी पर शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गोसाईंगंज के जौखंडी गांव के मजरा कमालापुर निवासी कुलदीप कुमार रावत की शादी 11 साल पहले सुशांत गोल्फ सिटी के महिपालखेड़ा की रहने वाली जया रावत (38) से हुई थी। पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था। कुलदीप आए दिन पत्नी की पिटाई करता था। शनिवार रात भी पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। पड़ोस के लोग बीच-बचाव करने गए तो कुलदीप ने उन्हें भगा दिया। हालांकि कुछ देर बाद घर से झगड़े की आवाजें बंद हो गईं। इस पर पड़ोसियों ने किसी अनहोनी की आशंका में जया के भाई सुनील दत्त रावत को फोन कर सूचना दी। सुनील अपने भाई निखिल व बहन कविता के साथ तुरंत बहन के घर गया तो वह कमरे में बेसुध पड़ी थी। उसके सिर से खून बह रहा था। सुनील ने गोसाईंगंज पुलिस को खबर देने के साथ ही जया को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गोसाईंगंज थाने के एसएसआई सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी कुलदीप रावत को रविवार सुबह हसनापुर बलिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद हो गया है। कुलदीप के पड़ोसियों से पता चला कि उसे पत्नी के चाल-चलन पर शक था। उसे लगता था कि उसकी अनुपस्थिति में वह किसी से मोबाइल पर बात करती थी। गोसाईंगंज इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरी ने बताया कि मृतका के भाई सुनील की तहरीर पर आरोपी कुलदीप रावत के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।