लखनऊ। कोतवाली मलिहाबाद क्षेत्र के बंशी गढ़ी में शनिवार को आम के बाग में बुजुर्ग (65) का शव पड़ा मिला। सिर को किसी भारी वस्तु से वार करके कुचला गया था। न तो मृतक की पहचान हो सकी और न ही अभी कोई पुख्ता सुबूत हाथ लगे हैं। पुलिस ने जांच शुरू की है।
मलिहाबाद में कसमंडी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत बंशी गढ़ी गांव और निर्माणाधीन किसान पथ के पास आम के बाग में शनिवार को एक बुजुर्ग का शव पड़ा देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मलिहाबाद इंस्पेक्टर नित्यानंद सिंह और चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह ने मौका मुआयना कर आसपास के लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली। मृत बुजुर्ग की उम्र करीब 65 वर्ष थी। उसके शरीर पर सफेद बनियान व ग्रे पैंट मिली है। सिर को किसी भारी वस्तु से वार करके कुचला गया था। हालांकि मौके पर खून नहीं फैला था, इस वजह से माना जा रहा है कि किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव बाग में फेंका गया है।
मलिहाबाद इंस्पेक्टर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर राजधानी समेत आसपास के जनपदों के थानों पर मृतक की फोटो व अन्य सूचना देकर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। मृतक की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं।