फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: मुनव्वर राना के बेटे तबरेज को लखनऊ से किया गया गिरफ्तार, चाचा को फंसाने के लिए खुद पर करवाई थी फायरिंग

Wed, 25 Aug 2021 07:16 PM IST
Vikas Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली

सार

शायर मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना ने बीते 28 जून को सदर कोतवाली में तहरीर देकर लखनऊ मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास जानलेवा हमले का मुकदमा अपने चाचाओं के खिलाफ दर्ज कराया था।
विज्ञापन
मशहूर शायर मुन्नवर राना का बेटा तबरेज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खुद पर हमले की साजिश रचने वाला मशहूर शायर मुनव्वर राना के बेटा को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने लखनऊ स्थित आवास से तबरेज राना को दबोचा। कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद भी तबरेज ने अदालत में सरेंडर नहीं किया था। पुलिस के पहुंचने पर उसने भागने की कोशिश भी की, लेकिन घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया गया। इस मामले में शूटर, साजिशकर्ता समेत चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

विज्ञापन


शायर मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना ने बीते 28 जून को सदर कोतवाली में तहरीर देकर लखनऊ मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास जानलेवा हमले का मुकदमा अपने चाचाओं के खिलाफ दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने साजिशकर्ता नयापुरवा निराला नगर निवासी हलीम और सुल्तान अली के अलावा शूटर व भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे हंसा मजरे बेलाभेला निवासी सत्येंद्र त्रिपाठी व उत्तरपारा निवासी शुभम सरकार को भी गिरफ्तार करके जेल भेजा था। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ था कि जमीनी विवाद में चाचाओं को फर्जी मामले में फंसाने के लिए तबरेज राना ने स्वयं खुद पर हमले की साजिश रची थी। उस समय तबरेज की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी।

बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तबरेज लखनऊ के हुसैनगंज के लालकुआं स्थित एफआई टॉवर ढींगरा अपार्टमेंट में मौजूद है। अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में सदर कोतवाल अतुल सिंह, एसओजी टीम प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में टीम ने लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारकर तबरेज राना को गिरफ्तार कर लिया। बताते हैं कि पुलिस ने छापा मारा तो इसकी भनक लगने पर तबरेज ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस को कई दिन से सूचनाएं मिल रही थीं कि तबरेज घर पर ही मौजूद है। सटीक जानकारी लेने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
विज्ञापन


तिलोई से चुनाव लड़ना चाहता था तबरेज
खुद पर हमले की साजिश रचने वाला तबरेज राना आगामी विधानसभा चुनाव तिलोई सीट से लड़ना चाहता था। पिता की तरह सुर्खियां बटोरने और परिवार के लोगों को फंसाकर शांत कराने के मकसद से ही उसे यह करतूत सूझी। पुलिस का कहना है कि तिलोई से चुनाव लड़ने, मीडिया के जरिए सुर्खियां बटोरने और चाचाओं को फंसा कर शांत करके उनके हिस्से की रकम हड़पने की तबरेज की मंशा पूरी नहीं हो सकी थी।

अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया था तबरेज
आरोपी तबरेज राना ने अपने साथी हलीम के साथ खुद पर हमले की साजिश रची थी, लेकिन पुलिस की जांच में वह उल्टा फंस गया था। सीसीटीवी फुटेज ने उसकी करतूत को उजागर कर दिया था। यदि यह फुटेज न होती तो पुलिस को मामले का खुलासा कर पाना कठिन होता। घटना के दिन गाड़ी में कई लोगों के बैठे होने की जानकारी तबरेज ने दी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में वह अकेला ही नजर आया। गोली भी जिस तरफ वह बैठकर गाड़ी चला रहा था, ठीक उसके विपरीत स्थान पर कार में मारी गई। इन्हीं छोटी-छोटी खामियां के कारण तबरेज का कारनामा सबके सामने आ गया। अब तबरेज भी पुलिस के शिकंजे में आ गया है।

खुद पर साजिश रचने के मामले में फरार चल रहे तबरेज राना को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम उसे पकड़कर जिला मुख्यालय ला रही है। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। तबरेज की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा था, लेकिन वह शिकंजे नहीं आ रहा था। मुखबिर की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारकर उसे इस बार दबोच लिया। -श्लोक कुमार, एसपी

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें