अपने बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाले शायर मुनव्वर राना की बेटी उरूषा राना यूपी चुनाव में कांग्रेस के टिकट से चुनावी मैदान में थीं। वह उन्नाव की पुरवा विधानसभा सीट से प्रत्याशी हैं। उरूषा राना बुरी तरह चुनाव हार रही हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार दोपहर ढाई बजे तक उन्हें कुल जमा 1000 वोट भी नहीं मिले हैं। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी अनिल सिंह करीब 20 हजार वोटों से सपा प्रत्याशी उदयराज यादव से आगे हैं। इतना बड़ा अंतर होने के कारण उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।
मुनव्वर राना ने बीते दिनों बयान दिया था कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोबारा यूपी के सीएम बने तो मैं यूपी छोड़ दूंगा। दिल्ली-कोलकाता चला जाऊंगा। मेरे पिता ने पाकिस्तान जाना मंजूर नहीं किया था लेकिन बड़े दुख के साथ मुझे अपना शहर, अपना प्रदेश और अपनी मिट्टी को छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी नहीं बख्शा। कहा था कि मोदी ने योगी के कंधे पर हाथ रखकर बुरा कर दिया, जिसकी वजह से उन्होंने उत्तर प्रदेश में भेदभाव फैला दिया। भाजपा ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था पर हुआ कुछ नहीं। मुनव्वर राना के बयान पर भाजपा नेताओं ने गहरी आपत्ति जताई थी। उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया था।
शायर मुनव्वर राना के आवास पर पुलिस तैनात, मीडिया से बनाई दूरी, नहीं की बात
विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद शायर मुनव्वर राना के आवास पर पुलिस तैनात कर दी गई। आमतौर पर अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले मुनव्वर राना ने बीमार होने की बात कह मीडिया से दूरी बना ली। शायर मुनव्वर राना ने बीते दिनों प्रदेश सरकार पर मुसलमानों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर प्रदेश छोड़ने का बयान दिया था। चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आने पर किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए उनके आवास पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। उनके बयान और चुनाव परिणाम पर को लेकर बात करने पर उन्होंने बीमार होने की बात कह कोई बयान देने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि मैं एक शायर हूं हमारी जिम्मेदारी है कि मैं सच बोलूं। मेरे सच बोलने से मौलवी भी नाराज हैं और तमाम हिंदू भी। अपने पलायन पर उन्होंने कहा कि मैं बहुत छोटा आदमी हूं मेरा पलायन करना बड़ी बात नहीं है। सेहत ठीक होने पर मीडिया से बात करेंगे।