अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में वही लोग बैठे हैं, जिनके बेटों ने किसानों को कुचल दिया। उनकी हत्या कर दी। अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी चुनाव को किसान, नौजवान, विकास, महंगाई और बेरोजगारी से हटाकर दूसरी दिशा में ले जाना चाहती है लेकिन अभी तक प्रदेश की जनता और समाजवादी लोग उनके जाल में नहीं फंसे। वाट्सएप और सोशल मीडिया पर भाजपा क्या-क्या फैला रही है, इसे सभी लोग देख रहे हैं।
यह भाजपाई जो अपने घरों से नहीं निकलते थे आज वह गली-गली घूम रहे हैं। इनके पास महंगाई, बेरोजगारी का कोई जवाब नहीं है। पश्चिमी यूपी में पहले चरण से ही इस बार परिणाम आना शुरू हो जाएगा। इनके विधायक और नेता गांव-गांव में दौड़ाये जा रहे हैं। जनता भाजपा से बहुत नाराज है। यह चुनाव जनता स्वयं लड़ रही है। अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं से कहा कि इसे अपना चुनाव समझिए। यह आप सब के भाग्य का चुनाव है।