सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का निजी सचिव बताकर शातिर ने ज्योतिबाफुले नगर के विधायक एम. चंद्रा पर रौब गांठा। विधायक को मिलने के लिए लखनऊ बुलाया। स्वास्थ्य का हवाला देते हुए विधायक ने असमर्थता जताई तो फर्जी निजी सचिव भड़क गया।
घबराए विधायक ने फोन अपने बेटे कपिल चंद्रा को पकड़ा दिया। ठग ने कपिल को एक अकाउंट नंबर देते हुए तत्काल 6500 रुपये जमा कराने के लिए कहा। शक होने पर कपिल लखनऊ आए और सपा सुप्रीमो के निजी सचिव से मुलाकात की। पूरी जानकारी पाकर निजी सचिव ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को कपिल चंद्रा ने हजरतगंज कोतवाली में अज्ञात फोन नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई।
हजरतगंज इंस्पेक्टर विजयमल यादव ने बताया कि ज्योतिबाफुले नगर की धनौरा विधानसभा सीट से सपा के विधायक एम. चंद्रा के पास बुधवार को किसी ने फोन कर खुद को मुलायम सिंह यादव का निजी सचिव बताया था। फोन करने वाले ने कहा कि नेताजी को कुछ बातचीत करनी है। वह तत्काल लखनऊ आकर मुलाकात कर लें।
इन दिनों विधायक की तबियत कुछ गड़बड़ चल रही है। उन्होंने फोन पर अस्वस्थ्य होने की जानकारी दी तो फोन करने वाला नाराज होने लगा। कहा कि नेताजी से मुलाकात नहीं करोगे तो नुकसान हो जाएगा। घबराए विधायक ने फोन बेटे कपिल चंद्र को दे दिया।
सचिव से मिलने पर सामने आया पूरा मामला
कपिल ने फर्जी निजी सचिव से बात की तो उसने यही बात दोहराई। कपिल ने कहा कि तबियत ठीक होते ही वह पिता को लखनऊ ले आएगा। बातचीत के दौरान ही फर्जी निजी सचिव ने कपिल चंद्रा को इलाहाबाद बैंक का एक अकाउंट नंबर देते हुए कहा कि यह अकाउंट नीलम मिश्रा का है।
इस खाते में उसने 6500 रुपये जमा कराने के लिए कहा। कपिल को शक हुआ और उसने लखनऊ जाकर छानबीन करने की बात कही। बृहस्पतिवार को लखनऊ आकर कपिल ने सपा सुप्रीमो के निजी सचिव से मिलकर पूरा मामला बताया जिसके बाद एफआईआर की कार्रवाई की गई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सपा सुप्रीमो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का नाम बताकर विधायकों, अफसरों और सपा नेताओं को ठगने की कई शिकायतें मिली हैं। कपिल चंद्रा ने जो फोन नंबर दिया है, उसी नंबर से पहले भी कई लोगों से रकम वसूलने का पता चला है। फोन नंबर किसका है? यह पता लगा लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें गैर जनपद भेजी गई हैं। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।