एलयू में प्रबंधन की चार छात्राओं के फोटो फेसबुक पर पोस्ट करने और इसके बाद भद्दे कमेंट करने से विवि प्रशासन सकते में है। कमेंट की जानकारी पर छात्राओं ने इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज के निदेशक प्रो. अरविंद मोहन और परिसर के एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. मो. अहमद से शिकायत की है।
मामला छात्राओं से जुड़ा होने की वजह से विवि प्रशासन गुपचुप तरीके से शरारती तत्वों को चिह्नित कर रहा है। सूत्रों की मानें तो इन फोटो को व्हॉट्स पर पर भी वायरल किया गया है। उधर, ये हरकत लॉ फैकल्टी के ही किसी छात्र की बतायी जा रही है।
मामला, विवि के नए परिसर से जुड़ा है। सूत्रों के अनुसार सोमवार दोपहर दो बजे प्रबंधन की चार छात्राओं ने एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. मो. अहमद को बताया कि कैजुअल कपड़े पहनकर घूमते समय किसी ने पीछे से फोटो खींचकर फेसबुक पेज पर अपलोड किए हैं।
इसके बाद कुछ लोगों ने भद्दे-भद्दे कमेंट किए हैं। फोटो जिस पेज पर अपलोड हैं वह लॉ फैकल्टी के छात्रों से जुड़ा है। उसके शीर्षक में ‘लॉ’ शब्द का इस्तेमाल है। नवीन परिसर में लॉ फैकल्टी और प्रबंधन विभाग दोनों आस-पास हैं। छात्राओं के हॉस्टल में लॉ और प्रबंधन की कुछ छात्राएं साथ -साथ रहती हैं। शिकायत करने वाली छात्राओं में हॉस्टल की कुछ छात्राएं भी थीं।
दो घंटे में हटाया पोस्ट
डेमो पिक
सूत्रों के अनुसार, छात्राओं ने बताया कि फेसबुक पेज पर अपनी फोटो और कमेंट देखकर उसका स्क्रीन शॉट लिया। इसकी जानकारी होते ही दो घंटे के भीतर फोटो हटा लिए गए। हालांकि विवि प्रशासन अभी कुछ भी कहने को तैयार नहीं।
एलयू के नवीन परिसर में 15 दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले 21 सितंबर की रात मैनेजमेंट ब्वॉयज हॉस्टल में 35 छात्रों पर जूनियर पर रैगिंग का मामला सामने आया था।
मामला संज्ञान में है। छात्राओं से लिखित शिकायत व स्क्रीन शॉट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। किसी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। - प्रो. निशि पांडेय, चीफ प्रॉक्टर, लविवि