महापौर के साथ सड़क पर उतरे मंत्री सुरेश खन्ना
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री एवं लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार सुबह महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया। भूतनाथ, इंदिरानगर और इस्माइलगंज जैसे क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों के वेतन कटौती, निलंबन और कार्यदायी संस्थाओं पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
सुबह सात बजे मैथिलीशरण गुप्त वार्ड स्थित भूतनाथ मार्केट के निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में अनियमितता की शिकायत की। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
महापौर के साथ सड़क पर उतरे मंत्री सुरेश खन्ना
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया
मार्केट के पीछे कॉलोनी में गंदगी देख उन्होंने एसएफआई संचिता मिश्रा का दो दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। साथ ही, बीट इंचार्ज दयाराम को तत्काल निलंबित कर दिया और कार्यदायी संस्था मदर स्वच्छकार इंटरप्राइजेज पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
वहीं, इंदिरानगर वार्ड और अरविंदो पार्क के पीछे गलियों में सड़क पर कूड़ा बिखरा मिलने पर प्रभारी मंत्री और महापौर ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। लखनऊ स्वच्छता अभियान संस्था पर एक लाख रुपये का जुर्माना ठोंका। वहीं, बीट इंचार्ज राम मनोज के तीन दिन और एसएफआई रूपेंद्र भास्कर के दो दिन के वेतन कटौती के निर्देश दिए।
महापौर के साथ सड़क पर उतरे मंत्री सुरेश खन्ना
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इंजीनियरिंग विभाग को निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि इंजीनियरिंग विभाग की टीम को और मजबूत करें, ताकि सड़कों की छोटी-मोटी मरम्मत के लिए टेंडर का इंतजार न करना पड़े और इन्हें तुरंत ठीक कराया जा सके।
इस्माइलगंज: सुरक्षा एजेंसी पर कार्रवाई
इस्माइलगंज प्रथम वार्ड के निरीक्षण में सफाई व्यवस्था ध्वस्त मिलने पर बीट इंचार्ज बृजेश को निलंबित कर दिया। यहां लायन सिक्योरिटी गार्ड सर्विसेज पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। सेक्टर-14 तिराहे पर सड़क पर निकली लोहे की रॉड को देख मंत्री ने सुरक्षा के दृष्टिगत उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए।