दिमागी बुखार से बृहस्पतिवार को भी तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। तीनों मरीज डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती थी। अब तक मरने वालों की संख्या 20 पहुंच गई है। वहीं सिविल, बलरामपुर और लोहिया अस्पताल में 100 से अधिक बच्चे डेंगू, जापानी इंसफेलाइटिस और एईएस की चपेट में आकर जिंदगी-मौत के बीच झूल रहे हैं। बृहस्पतिवार को दिमागी बुखार से मरने वालों में एक बच्चा राजधानी के गोसाईगंज इलाके का है।
दिमागी बुखर का कहर थम नहीं रहा है। अन्य जनपदों के अलावा राजधानी के बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए हैं। गोसाईगंज के कपिल (2) ने लोहिया अस्पताल में दिमागी बुखार के कारण दम तोड़ दिया। वहीं बहराइच की महरूननिशां (65) और तब्बसुम निशां (22) भी दिमागी बुखार से मौत हो गई। इसके अलावा बलरामपुर अस्पताल में हरीनाथ (22) और मोहित (5) बहराइच, कृष्णा (26), सत्येंद्र (38) और प्रदीप (30) को भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से पीड़ित दो नए बच्चे भी वहां भर्ती कराए गए हैं। हिमेश (7) रायबरेली और लक्ष्य (5) सीतापुर को एईएस के कारण भर्ती कराया गया है।