लखनऊ। राजधानी में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए मेगा कैंप लगाएगा। इस दौरान 116 टीकाकरण केंद्रों पर करीब 83,800 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। खास ये कि सिविल अस्पताल सहित 65 केंद्रों पर बिना स्लॉट बुकिंग के ही टीका लगेगा। सीएमओ का कहना है कि दूसरी डोज के लिए लोग स्लॉट बुक हो पाने से भटक रहे हैं। लोगों की सुविधा के लिए कैंप लगाया जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि जिले में 116 केंद्र पर टीकाकरण के लिए 336 बूथ होंगे। बलरामपुर, लोहिया, केजीएमयू, राम सागर मिश्रा, बीआरडी महानगर समेत 11 अस्पतालों में स्लॉट बुकिंग कराकर टीका लगेगा, जबकि 65 केंद्रों पर बिना स्लॉट बुकिंग टीकाकरण होगा। लोगों को सिर्फ आधार कार्ड लाना होगा। हर बूथ पर 250 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। कोविशील्ड व कोवाक्सिन दोनों लगेगी।
यहां लगेगी कोवाक्सिन
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया लोकबंधु अस्पताल में 2000 डोज लगेगी। इसमें 1000 डोज 18 प्लस तो 1000 45 प्लस वालों को लगेगी। सिविल अस्पताल में 2000 लोगों को बिना स्लॉट बुक किए कोवॉक्सिन लगाई जाएगी। इसी तरह चिनहट सीएचसी के अधीन निजी इंस्टीट्यूट में 500 व गोसाईंगंज सीएचसी में 300 लोगों को कोवाक्सिन लगेगी।
निजी स्कूलों में शिक्षकों को लगेगी वैक्सीन
डॉ. एमके सिंह ने बताया कई निजी स्कूलों में भी कैंप लगाकर शिक्षकों व कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। हर स्कूल में 500 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य है। इसके अलावा नाका हिंडोला गुरुद्वारा समेत कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भी कैंप लगेगा।