मेरठ के मेवला फ्लाईओवर का नामकरण अमर उजाला समूह के नवोन्मेषक स्वर्गीय अतुल माहेश्वरी के नाम पर कर दिया गया है। राज्यपाल की अनुमति से शासन ने शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसकी संस्तुति की थी। इस संस्तुति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी मुहर लगाई, जिसके बाद नामकरण की प्रक्रिया पूरी हुई।
शासन के लोक निर्माण अनुभाग-1 की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, मेरठ-दिल्ली मार्ग पर मेरठ-हापुड़ रेल मार्ग के समपार संख्या-55/ई-3 (मेवला फाटक) पर फोरलेन उपरिगामी सेतु है। इसका नामकरण ‘अतुल माहेश्वरी उपरिगामी सेतु’ किया गया है। स्वर्गीय अतुल माहेश्वरी अमर उजाला समूह के नवोन्मेषक हैं। पत्रकारिता के उच्च मानदंड स्थापित करने में उनकी सोच और लगन का उल्लेखनीय योगदान है।
स्वर्गीय अतुल माहेश्वरी ने अपनी निष्पक्ष सोच से पत्रकारिता जगत को एक नया आयाम दिया। मेरठ के विकास के लिए भी तमाम सामाजिक अभियान उनके कुशल निर्देशन में चले। समाज की बेहतरी के लिए उन्होने विभिन्न कार्य किए। मेरठ का विकास उनकी उच्च प्राथमिकताओं में था और अमर उजाला के जरिये उन्होंने यहां के आम लोगों के हित में तमाम कार्य किए। यह नामकरण समाज के लिए किए गए उनके कार्यों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।