रेडियो जॉकी को सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज भेजने व विरोध करने पर धमकाने के आरोपी को साइबर सेल की टीम ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरानगर इलाके से दबोच लिया। पकड़े गए युवक के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज है।
आरोपी युवक भी रेडियो जॉकी की नौकरी करता था। उसके पिता सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। साइबर सेल के नोडल अफसर एसीपी विवेक रंजन राय के मुताबिक एक निजी रेडियो नेटवर्क की रेडियो जॉकी ने मुकदमा दर्ज कराया कि उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अनुराग यादव नाम का युवक अश्लील मैसेज भेज रहा है।
आरोपी युवक ने अपना मोबाइल नंबर भी भेजा है। उस पर कॉल कर विरोध दर्ज कराया तो धमकी देने लगा। साइबर सेल की टीम युवक की तलाश कर रही थी। हजरतगंज के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस टीम ने अनुराग यादव को इंदिरा नगर इलाके से दबोच लिया। वह एक सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी का बेटा है।
नौकरी से निकाल गया तो देने लगा धमकी :
पुलिस के मुताबिक अनुराग यादव दिल्ली और नोएडा में खुद रेडियो जॉकी की नौकरी कर चुका है। कंपनी ने उसे निकाल दिया। अनुराग ने पुलिस को बताया कि नौकरी से निकाले जाने के बाद वह अवसाद ग्रसित हो गया।
इसके बाद दिल्ली, पटना, मुंबई, लखनऊ जैसे शहरों में रेडियो जॉकी की नौकरी करने वाले महिला और पुरुष के इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अश्लील मैसेज भेजने व धमकी देने लगा। अनुराग ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसे दबोचने में साइबर सेल के एसआई सुरेश गिरी, मुख्य आरक्षी फिरोज बदर, आरक्षी अखिलेश कुमार, शरीफ खां, नीरज व सुनील कुमार ने भूमिका निभाई।