कोरोना से अलीगढ़ में सराफ की मौत के बाद शुक्रवार को उनके दोनों बेटों, तीन भाइयों को नामजद कर 150 अज्ञात पर लॉकडाउन उल्लंघन, महामारी अधिनियम में केस दर्ज किया गया। इनमें सराफ का भाई राजकुमार (लखनऊ के गोमतीनगर निवासी अभियंता) भी शामिल है।
आरोप है कि 28 अप्रैल को मां के निधन पर इन लोगों ने अंतिम संस्कार में भीड़ जुटाकर लॉकडाउन का उल्लंघन किया। इसके बाद से फैले संक्रमण से ही सराफ की मौत हो गई। अलीगढ़ के एसपी क्राइम डॉ. अरविंद के अनुसार सासनी गेट की एडीए चौकी प्रभारी रुणित तोमर की ओर से केस कराया गया है।
इसमें कहा गया कि 28 अप्रैल को सराफ की मां के निधन के बाद अंतिम संस्कार से पहले उनके दरवाजे पर जमा करीब 150 लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे थे। वहीं, लॉकडाउन का उल्लंघन कर प्रशासनिक निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। इससे संक्रमण फैला होगा, इसकी आशंका ज्यादा है। इनमें से शेखर सराफ की मृत्यु हो चुकी है।