लखनऊ। एडुरैंक 2025 में लखनऊ विश्वविद्यालय ने देश के 876 उच्च शिक्षण संस्थानों में 28वां स्थान हासिल किया है। यूपी के राज्य विश्वविद्यालयों में उसे प्रथम स्थान मिला है। इसके अलावा एशिया के 5830 विश्वविद्यालयों में लविवि शीर्ष 500 में स्थान बनाने में कामयाब रहा है।
लखनऊ विवि को एशिया में 462वां और वैश्विक स्तर के 14,831 विश्वविद्यालयों में 1611वां स्थान प्राप्त हुआ है। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने कहा कि यह हमारे संकाय, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं की अथक मेहनत का प्रमाण है।
शोध में उत्कृष्ट स्थान
शोध के क्षेत्र में भी लविवि ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. गीतांजलि मिश्रा ने बताया कि जीव विज्ञान में 17वां, कीट विज्ञान में 24वां और विष विज्ञान में 26वां स्थान हासिल किया है।