रक्षाबंधन के बाद जन्माष्टमी पर्व पर घरेलू एलपीजी वितरण की व्यवस्था गड़बड़ाने से उपभोक्ता परेशान हैं।
बुकिंग के बाद भी होम डिलीवरी का सिलेंडर सप्लाई करने में गैस एजेंसियां 15 से 20 दिन लगा रही हैं। उपभोक्ता द्वारा संपर्क किए जाने पर एजेंसी संचालक तेल कंपनी के बॉटलिंग प्लांट से भरे सिलेंडरों की सप्लाई मिलने में देरी को कारण बता रहे हैं।
वहीं, तीनों तेल कंपनियां मांग के आधार पर पर्याप्त घरेलू सिलेंडर सप्लाई होने का दावा कर रही हैं। बुकिंग के बाद भी समय से डिलीवरी न होने से उपभोक्ताओं की शिकायत आपूर्ति विभाग व संबंधित तेल कंपनियों के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा भी नहीं सुनी जा रही।
इससे ही गोमती नगर, इंदिरा नगर, महानगर, आलमबाग सहित शहर के कई इलाकों में गैस सिलेंडरों के वितरण की लंबी होती वेटिंग परेशानी बनती जा रही है।
जानकारी करने पर संबंधित गैस एजेंसी कर्मचारी कंपनी के बॉटलिंग प्लांट से शॉर्ट सप्लाई आने व बुकिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर की सुस्त रफ्तार को जिम्मेदार बता रहे है।
ज्यादा सवाल करने पर एजेंसी कर्मी परेशान उपभोक्ता की परेशानी को दूर करने की जगह उससे अभद्रतापूर्ण व्यवहार कर एजेंसी से भगा देते हैं।
मालूम हो कि घरेलू एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी तीनों तेल कंपनियों के अधिकारी बुकिंग के बाद 48 घंटे में सिलेंडर डिलीवरी का दावा करते हैं जबकि जमीनी हकीकत इससे इतर है।
शहर में संचालित अधिकांश एजेंसियों से बुकिंग के बाद पंद्रह से बीस दिन में सिलेंडर की होम डिलीवरी हो रही है। दू
सरी तरफ संबंधित एजेंसी के कार्यक्षेत्र में संचालित चायपान, मिठाई की दुकान, रेस्टोरेंट इत्यादि में गैस खत्म होने के चंद घंटे बाद ही सब्सिडी से लेकर नॉन सब्सिडी सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है।
इसकी शिकायत आपूर्ति विभाग के शिकायत कक्ष व संबंधित तेल कंपनियों के अधिकारियों के समक्ष दर्ज कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही।