लखनऊ। अवैध शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना व 25 हजार रुपये के इनामी बलिया के कमलेश कुमार यादव को एसटीएफ ने शुक्रवार को सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसे शहीद पथ के सरसवां गांव के पास दबोचा गया। वह गिरोह के कुछ सदस्यों से मिलने के लिए लखनऊ आया था। बलिया में उसके खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ के अधिकारी के मुताबिक कमलेश कुमार यादव मूल रूप से बलिया के वजीरापुर टेकार का रहने वाला है। उसके गिरोह में एक दर्जन से अधिक सदस्य हैं। यह गिरोह स्प्रिट व अन्य रसायन से अवैध शराब तैयार करता था। एसटीएफ के डिप्टी एसपी धर्मेश कुमार शाही के मुताबिक कमलेश लखनऊ व अन्य जिलों में काफी दिनों से मिलावटी शराब की सप्लाई कर रहा था। पूर्वांचल में उसके गिरोह का नेटवर्क काफी फैला हुआ है। उसके खिलाफ 2020 में गैंगस्टर की भी कार्रवाई की गई थी। एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि वह अपने गिरोह के कुछ साथियों से मिलने लखनऊ आया था। इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने कई साथियों के नाम बताए, जिनमें से दो पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अन्य की तलाश की जा रही है।