लखनऊ में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को 14 वर्षीय बच्चे के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई है। अभी तक विदेशों में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर में बच्चों के संक्रमित होने की बात कही जा रही थी। अब लखनऊ में बच्चों के संक्रमित होने की शुरुआत हो गई है। यह बच्चा संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में अपना इलाज कराने आया था। अनिवार्य टेस्टिंग के तहत हुई जांच में उसमें संक्रमण पाया गया। अच्छी बात यह है कि बच्चे में कोरोना संक्रमण के फिलहाल कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसको गंभीरता से ले रहा है।
राजधानी में मंगलवार को 14 वर्षीय बालक के साथ ही कुल नौ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। सीएमओ प्रवक्ता योगेश रघुवंशी ने बताया कि राजधानी में कुल 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें नौ मामले नये तथा दो लोगों की रिपोर्ट दोबारा जांच कराने के बाद आई है। इनमें दो यात्री एयरपोर्ट में जांच के दौरान पॉजिटिव मिले हैं। ये यात्री बिहार जा चुके हैं। वहां पर इनकी सूचना दे दी गई है। इसके अलावा काकोरी निवासी महिला की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।
महिला को कुछ समस्या थी। जांच कराने पर वह संक्रमित मिलीं। इसी तरह गोमती नगर निवासी की कांटेक्ट ट्रेसिंग में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रायबरेली निवासी व्यक्ति, गुडंबा निवासी व्यक्ति की जांच रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। इसके अलावा संक्रमण के ज्यादातर मामले कांटेक्ट ट्रेसिंग में आ रहे हैं। सभी मरीज होम आईसोलेशन में हैं और उनकी कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।