लखनऊ में करवा चौथ पर प्रेमिका से मिलने जाने से मां ने बेटे को मना किया तो युवक ने फांसी लगा ली। परिजन उसको अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
ठाकुरगंज के हुसैनाबाद का रहने वाला शहाबुद्दीन (24) वेल्डिंग मिस्त्री था। उसके भाई निजामुद्दीन के मुताबिक शहाबुद्दीन का दिल्ली की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने करवा चौथ के मौके पर उसको मिलने के लिए दिल्ली बुलाया था। बुधवार दोपहर शहाबुद्दीन दिल्ली जाने की तैयारी में था। उसने मां सादिया बानो को इस बारे में बताया तो मां ने उसको फटकार लगाई और दिल्ली जाने से साफ मना कर दिया। मां की डांट से वह दिल्ली तो नहीं गया पर नाराज हो गया।
देर रात परिवार के सभी लोग खाना खाकर लेट गए। इस बीच घर की छत पर लगी पानी की टंकी के पाइप में दुपट्टे के सहारे उसने फांसी लगा दी। रात डेढ़ बजे मां की आंख खुली तो उन्होंने बेटे का शव लटकते देखा। शोर होने पर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों की मदद से उसको फंदे से नीचे उतार कर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। चौक पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।