लखनऊ में गोसाईंगंज में भटवारा गांव के पास इंदिरा नहर में शुक्रवार को बंद बक्से में महिला का शव मिलने से हड़कंप मचा गया। महिला की उम्र क़रीब 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी।
एक महिला की हत्या कर उसके शव को बक्से में भरकर इंदिरा नहर में फेंक दिया गया। शुक्रवार गोसाईंगंज के भटवारा गांव के एक मछुआरे के जाल में बक्सा फंसा गया। बक्से को बाहर निकाला गया तो महिला का नग्न शव मिला। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। शक कई दिनों पुराना होने की वजह से सड़ चुका था।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर गोसाईंगंज दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक भटवारा गांव के रहने वाले मछुआरे रतन कश्यप ने शुक्रवार सुबह इंदिरा नहर में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला था। इस बीच अचानक उसके जाल में एक बक्सा फंस गया। मछुआरे में किसी तरह बक्से को नहर से बाहर निकाला और फिर उसको खोला। बक्से के अंदर एक महिला का नग्न शव मौजूद था। बक्से में शव देख डर गया और उसने शोर मचा दिया। शोर सुन आसपास मौजूद ग्रामीण भी पहुंच गए। लोगों ने जब बक्से में महिला का शव देखा तो सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्से के अंदर से शव को बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों की मदद से शव की पहचान का प्रयास किया पर पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की उम्र 40 साल के आसपास बताई गई है। पुलिस का दावा है कि शव एक हफ्ते पुराना है और पूरी तरह सड़ चुका है।
दूर से बहकर आया था बक्सा
महिला की हत्या के मामले में छानबीन कर रही पुलिस का कहना है कि ऐसा लग रहा है कि बक्सा नहर में काफी दूर से बह कर भटवारा गांव तक पहुंचा। पुलिस ने महिला के शव मिलने की सूचना शहर के सभी थाने के अलावा आसपास के जनपदों की पुलिस को भी दी है। साथ ही महिला की फोटो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित कर पहचान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस दस दिनों के अंदर गुमशुदा महिलाओं के परिजनों से भी संपर्क करने की बात कह रही है।