लखनऊ मेट्रो का कॉमर्शियल रन अब अगस्त में नहीं होगा। पितृपक्ष के बाद नवरात्र में मेट्रो का सफर आम जनता के लिए शुरू कराने की तैयारी है। प्रदेश सरकार से भी इसके संकेत दिए गए हैं। ऐसे में लखनऊ मेट्रो भी अपनी तैयारी में जुट गया है। इस बीच प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तारीख तय करने के लिए पीएमओ के लगातार संपर्क में है।
लखनऊ मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि कॉमर्शियल रन को 24 अगस्त के बाद कोई भी तारीख मांगी गई थी। इसके बाद हुई बैठकों में वरिष्ठ अधिकारियों को बता दिया गया कि इसके लिए नवरात्र के दिनों में कोई तारीख तय कर ली जाएगी। इसके लिए तैयारियां पूरी करने को कहा गया।
ऐसे में अब लखनऊ मेट्रो अगस्त के अंत तक कॉमर्शियल रन शुरू करने के दबाव से बाहर आ गया है। मेट्रो की टीम को भी 20 सितंबर के बाद कॉमर्शियल रन शुरू कराने के लिए तैयार रहने को कह दिया गया है। इससे पहले लखनऊ मेट्रो ने अगस्त में कॉमर्शियल रन शुरू होने की संभावना को देखते हुए पंफलेट और यात्रियों की सुविधा से जुड़े काम पूरे करने शुरू कर दिए थे।