बहुजन समाज पार्टी ने बृहस्पतिवार को 11 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की। आजमगढ़, डुमरियागंज, संतकबीरनगर, भदोही और वाराणसी में पार्टी ने प्रत्याशी बदल दिया है। आजमगढ़ और वाराणसी में पार्टी ने तीसरी बार प्रत्याशी बदला है। आजमगढ़ में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर के बाद सबीहा अंसारी को टिकट दिया गया था, जिसे आज बदलकर मशहूद अहमद को सौंप दिया गया। इसी तरह वाराणसी में अतहर जमाल लारी की जगह सैयद नियाज नियाज अली को प्रत्याशी बनाया गया था। पार्टी ने अतहर जमाल लारी को दोबारा टिकट दिया है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मेवालाल गौतम ने बताया कि डुमरियागंज सीट पर ख्वाजा समसुद्दीन की जगह अब मोहम्मद नदीम मिर्जा चुनाव लड़ेंगे। संतकबीरनगर में सैयद दानिश का टिकट काटकर नदीम अशरफ को दिया गया है। भदोही में अतहर अंसारी की जगह हरिशंकर सिंह को टिकट दिया गया है। इसी तरह इलाहाबाद में रमेश सिंह पटेल, श्रावस्ती में मुइनुद्दीन अहमद खान उर्फ हाजी दद्दन खान, बाराबंकी में शिव कुमार दोहरे, कैसरगंज में नरेंद्र पांडेय, गोंडा में सौरभ कुमार मिश्रा और बांसगांव में रामसमुझ को प्रत्याशी घोषित किया है।
लखनऊ पूर्वी सीट से लड़ेंगे आलोक
वहीं दूसरी ओर लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में पार्टी ने आलोक कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है। बसपा ने बलरामपुर की गैंसड़ी सीट पर होने वाले उपचुनाव को भी लड़ने का फैसला लेते हुए मोहम्मद हारिस को टिकट दिया गया है। बता दें कि बसपा शाहजहांपुर की ददरौल सीट पर हो रहे उपचुनाव में भी अपना प्रत्याशी उतार चुकी है। बता दें कि इससे पहले पार्टी ने शाहजहांपुर की ददरौल विधानसीट सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सर्वेश चंद्र मिश्रा (धांधू) को प्रत्याशी घोषित किया था।