सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने रामसेतु को तोड़ने का कार्य किया था। संविधान की शपथ लेने वाली सरकार ने उस समय सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट दिया था कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं। उस सरकार को इतना तक नहीं पता कि संविधान के मूल प्रति में पुष्पक विमान पर लंका से अयोध्या आते भगवान राम के दरबार को दिखाया गया है। वह सरकार सुप्रीम कोर्ट में झूठ बोलती है। इनके बुद्धिदाता कहते हैं कि भारत में राम मंदिर नहीं बनना चाहिए। राम मंदिर भारत में नहीं तो क्या इटली में बनेगा। राम मंदिर भारत के इतिहास की सबसे अद्भुत घटना है। हमारी पीढ़ी धन्य है कि इसकी साक्षी बनी है।
प्रभु भी चाहते हैं कि उनका भक्त ही राज करेगा
सीएम ने सपा को भी नहीं बख्शा, बोले कि सपा का राग ही उल्टा है। सपा सही रास्ते चल ही नहीं सकती। वे कहते हैं कि राम मंदिर बेकार बना है। यह रामभक्तों पर गोली चलाने वाले लोग हैं। यह अयोध्या में रामजन्म भूमि, काशी में संकटमोचन मंदिर पर हमला करने वाले आतंकियों पर दायर मुकदमों को वापस लेते हैं। यह चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच हो गया है। उन्होंने कहा कि मैं गाना सुन रहा था कि रामभक्त ही राज करेगा, दिल्ली के सिंहासन पर। लोगों से पूछा कि फिर एक बार मोदी सरकार का नारा क्यों तो लोगों ने कहा कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। प्रभु भी चाहते हैं कि उनका भक्त ही राज करेगा। सीएम ने कहा कि पाकिस्तान और रामद्रोहियों के स्वर एक जैसे हैं। केवल यही दोनों मोदी का विरोध कर रहे हैं।
कांग्रेस नेत्री बताएं कि 65 वर्ष में आपने रायबरेली के लिए क्या किया
सीएम ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को गिनाया। कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में हर किसी ने दस वर्ष में बदलते भारत को देखा होगा, लेकिन कांग्रेस नेत्री कह रही थीं कि मोदी जी बताएं कि उन्होंने रायबरेली के लिए क्या किया। आखिर वे भी बताएं कि 65 वर्ष में आपने रायबरेली के लिए क्या किया। सीएम ने बताया कि रायबरेली में एम्स है तो उसका पैसा भी मोदी जी ने दिया। रेल कारखाना के विस्तारीकरण व आधुनिकीकरण का पैसा भी मोदी ने दिया। इसके उद्घाटन में मोदी जी स्वयं आए थे।
सीएम ने कांग्रेस नेताओं को नोट कराया विकास कार्य
सीएम ने जनता के सामने कहा कि कांग्रेस के नेता विकास कार्य नोट करें। आजादी के पहले से 2014 तक 74 एयरपोर्ट बने, मोदी जी ने 10 वर्ष में 152 एयरपोर्ट बना दिए। 2014 तक जितना हाइवे बना था, आज उससे दोगुने बन गए। मेट्रो केवल पांच सिटी में थी, आज 20 शहरों में हो गई। एम्स केवल सात थे, उसमें से भी कांग्रेस ने केवल एक बनाया था। अटल जी ने छह बनाए और आज देश में 22 एम्स हैं। पहले हर घर नल योजना नहीं थी, आज यह लागू हो चुकी है। कांग्रेस सरकार के समय स्वास्थ्य सुविधा में लोग तड़पते थे, आज एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस के समय लोग भूखों से मरते थे, आज 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहे हैं। पाकिस्तान की आबादी से अधिक 25 करोड़ लोगों को मोदी जी ने दस वर्ष में गरीबी रेखा से उभारा है। साथ ही उन्होंने कई अन्य योजनाओं को भी गिनाया।
दुर्बुद्धि व्यक्ति से कहा कि पाकिस्तान जाए, भारत पर बोझ न बने
सीएम ने कहा कि आज सुबह न्यूज सुन रहा था कि पीओके में दंगा इसलिए हो गया, क्योंकि वहां खाने के लिए आटा, चावल, बिजली नहीं है। खानों को लेकर लोग गली-मोहल्लों की तरह लड़ रहे हैं। पाकिस्तान की दुर्गति देखने के बाद वहां का राग अलापने वाले दुर्बुद्धि व्यक्ति से कहो कि पाकिस्तान जाए, भारत पर बोझ न बने। डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है तो हरिजन, लोधी, पासी, कुर्मी, दलित समेत अन्य गरीब कहां जाएगा। मोदी जी ने गरीबी, दलित-वंचित को ध्यान में रखकर योजना का लाभ और 'सबका साथ-सबका विकास' का नारा दिया, जो मंत्र बन गया है। इस अवसर पर रायबरेली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, पूर्व मंत्री गिरीश नारायण पांडेय, पूर्व विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, राकेश सिंह, आरबीएस सिंह, अजय त्रिपाठी आदि की मौजूदगी रही।