राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश में धार्मिक कार्यक्रमों और सनातन से जुड़े मुद्दों के जरिये हिंदुत्व के मुद्दे को धार देने में जुटा है। इस क्रम में लखनऊ में 26 से 31 अक्तूबर तक जाणता राजा महानाट्य का आयोजन किया जाएगा।
सितंबर में हुई आरएसएस के सह सर कार्यवाह अरुण कुमार की मौजूदगी में सरकार, भाजपा और संघ की समन्वय बैठक में लोकसभा चुनाव तक अनुषांगिक संगठनों के जरिये राष्ट्रवाद के मुद्दों को आगे बढ़ाने की रणनीति तय हुई थी। इसी रणनीति के तहत विहिप और बजरंगदल की शौर्य जागरण यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के जरिये बजरंगदल जनता को बताने का प्रयास कर रहा है कि संघ और भाजपा के कारण ही अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनने का सपना साकार हुआ है। यात्रा के जरिये जनवरी में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान देश भर में दीपोत्सव जैसा माहौल बनाने की तैयारी है। सभी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन घरों पर दीपक जलाने के लिए उत्साहित किया जा रहा है।
पराक्रमी योद्धाओं के जरिये समाजों का साधने की तैयारी
यात्रा के जरिये विहिप जिला स्तर पर उन पराक्रमी योद्धाओं को याद कर रहा है जिनका जिक्र इतिहास में तो नहीं हैं, लेकिन उनका सनातन की रक्षा और देश की आजादी में योगदान रहा है। लखनऊ में ऊदा देवी, बिजली पासी जैसे योद्धा हैं। ऐसे योद्धाओं को याद कर उनके समाज को साधने की भी तैयारी है।
जातीय जनगणना की धार कुंद करने की रणनीति
संघ, विहिप और बजरंगदल हिंदुओं के बीच जाकर जाति और समुदाय से ऊपर उठकर हिंदू के रूप में संगठित रहने और जाति के आधार पर नहीं बंटने की पैरवी भी कर रहा है। इसका उद्देश्य एक ओर हिंदुओं को संगठित करना है. वहीं दूसरी ओर जातीय जनगणना के मुद्दे पर विपक्ष की ओर से की जा रही पिछड़ों, अगड़ों को बांटने की कोशिश को नाकाम करना है।
शिवाजी के जरिये हिंदुत्व को धार
जाणता राजा महानाट्य यूं तो दिव्य प्रेम सेवा मिशन के बैनर तले किया जा रहा है। लेकिन पूरे आयोजन के पीछे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बड़ी भूमिका है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन चित्र पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिये युवा पीढ़ी को शिवाजी के योगदान के बारे में बताने के साथ उनमें हिन्दुत्व जागृत करना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा के विधायक और प्रदेश पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
राजनीतिक से अलग हट हिन्दुत्व के चेहरे एक मंच पर
जाणता राजा कार्यक्रम के लिए जनेश्वर मिश्र पार्क में पवेलियन बनाया जाना है। पवेलियन के भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा के हिन्दूवादी नेता और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष एवं विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया एक ही मंच पर नजर आए। बता दें कि राजा भैया भी सनातन और हिन्दुत्व के मुद्दे पर मुखर रहते हैं।