बहुजन समाज पार्टी ने लोकसभा चुनाव से पहले तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति बीआरएस (बीआरएस) के साथ गठबंधन करने की घोषणा की है। बसपा के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष आरएस प्रवीण कुमार ने हैदराबाद में बीआरएस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव से मंगलवार को मुलाकात के बाद गठबंधन करने का घोषणा की। बता दें कि इससे पहले बसपा ने तेलंगाना में विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ा था। जल्द ही बसपा सुप्रीमो मायावती की सहमति से दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा होगा। उल्लेखनीय है कि बसपा ने अभी तक किसी भी दल के साथ लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन नहीं किया था। इस पहल के बाद बसपा का बाकी राज्यों में भी अन्य दलों के साथ गठबंधन करके चुनाव मैदान में उतरने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।