लखनऊ। लोहिया विधि विश्वविद्यालय यूनीसेफ के एक प्रोजेक्ट पर कार्य करने का अवसर दे रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को बाल सुरक्षा प्रणाली संबंधी प्रोजेक्ट पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में काम करने का अवसर मिलेगा।
विवि के सेंटर फॉर जस्टिस एडमिनिस्ट्रेशन को यूनीसेफ के प्रोजेक्ट ‘स्ट्रेंथनिंग चाइल्ड प्रोटेक्शन सिस्टम’ के लिए अभ्यर्थियों की तलाश है। अभ्यर्थियों का चयन डिविजनल रिसोर्स पर्सन के तीन पदों के लिए होगा। इसके लिए शैक्षिक योग्यता एलएलबी या बीएएलएलबी या सोशल वर्क, क्रिमिनोलॉजी, सोशियोलॉजी, साइकोलॉजी व एलाइड विषयों में से किसी एक में 50 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा हिंदी व अंग्रेजी के साथ कंप्यूटर का ज्ञान भी होना चाहिए। आवेदनकर्ता के पास छह महीने का बाल सुरक्षा संबंधी फील्ड अनुभव होना चाहिए। चयन होने के बाद अभ्यर्थी को बस्ती, मेरठ और वाराणसी मंडल में कार्य करने का अवसर मिलेगा। प्रोजेक्ट पर कार्य करने के लिए करीब 11 महीने तक तैनात किया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थी को 90 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। टीए व डीए अलग से देय होगा। इच्छुक अभ्यर्थी 24 जनवरी तक विवि की वेबसाइट से आवेदन कर सकता है। चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।