फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राशिद नसीम के प्रत्यर्पण के लिए यूएई सरकार को भेजा पत्र

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम के प्रत्यर्पण के लिए ईओडब्ल्यू ने कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है। विदेश मंत्रालय के जरिये यूएई सरकार से संपर्क किया गया। यूएई के नियमों के अनुसार, अरबी भाषा में भेजे गए पत्र में दर्ज मुकदमों के संबंध में जानकारी दी गई है ताकि राशिद नसीम को जल्द गिरफ्तार कर भारत लाया जा सके। राशिद पर करीब 4000 लोगों ने जमीन व निवेश के नाम पर ठगी के केस दर्ज कराए हैं। सिर्फ गोमतीनगर थाने में ही 374 केस दर्ज हैं। इन सभी मामलों की जांच ईओडब्ल्यू कर रही है।
विज्ञापन

लखनऊ में कार्यालय खोलकर ठगी करने वाला राशिद नसीम दुबई में बैठकर अपना सिंडिकेट चला रहा है। उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच ईओडब्ल्यू को मिली तो रफ्तार बढ़ गई। इसके बाद ताबड़तोड़ करीब 23 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं राशिद व उसके भाई आसिफ पर प्रदेश सरकार ने 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार करने के लिए ईओडब्ल्यू, लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस, वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस, प्रयागराज पुलिस, एसटीएफ ने अपना जाल बिछाना शुरू कर दिया। लेकिन सोमवार को लखनऊ कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच व गोमतीनगर पुलिस की टीम ने शाइन सिटी के आधे के हिस्सेदार व सीएमडी राशिद नसीम के भाई आसिफ नसीम को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद अब राशिद नसीम के प्रत्यर्पण के लिए भी प्रयास तेज हो गए हैं।
-----
आत्मसमर्पण करने आया था आसिफ, पुलिस ने दबोचा
लखनऊ। शाइन सिटी के एमडी आसिफ नसीम को लखनऊ पुलिस ने सोमवार को प्रयागराज से गिरफ्तार किया था। इसके दूसरे दिन मंगलवार को कंपनी के सीएमडी व आसिफ के भाई राशिद नसीम का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें राशिद ने दावा किया वह सभी का एक-एक पाई चुका देगा। वहीं उसने कहा कि आसिफ नसीम खुद कोर्ट में आत्मसमर्पण करने आया था। वकील ने अर्जी डाली थी। मंगलवार को उस अर्जी पर सुनवाई थी। इसके पहले ही पुलिस ने आसिफ को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

भाई की गिरफ्तारी के बाद राशिद नसीम का ऑडियो पहली बार वायरल नहीं हुआ है। उसने दर्जनों बार इस तरह के ऑडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए हैं। वीडियो में वह कंपनी की तरफ से कोर्ट में यह बात रखना चाहता था कि अगर उसे समय दिया जाए तो सबका पैसा चुकता कर देगा। लेकिन जब कंपनी का कोई डायरेक्टर कोर्ट के सामने जाकर यह बात रखने को तैयार नहीं हुआ तो उसके भाई आसिफ को सामने आना पड़ा।
सरकार के कब्जे में एक हजार करोड़ की संपत्ति
सीएमडी राशिद ने ऑडियो में दावा किया सरकार ने उसकी 500 करोड़ की संपत्ति कब्जे में ले रखी है। इस प्रॉपर्टी की मौजूदा कीमत एक हजार करोड़ रुपये है। करीब 300 करोड़ किसानों और बिचौलियों के बीच फंसा हुआ है। ऑडियो में कहा गया है कि कंपनी को जमीन दिलाने वाले बिचौलिये रुपये हड़पकर भाग गए हैं। जिन जमीनों का भुगतान किया जा चुका है। उसे भी किसान रजिस्ट्री करने को तैयार नहीं हैं। कंपनी के लोगों पर मुकदमे होते जा रहे हैं। जिनको रुपये वापस कर दिया गया है, वह भी बकाएदारों की लाइन में खड़े हो गए हैं।
ऑडियो के बारे में जानकारी हासिल कर रही पुलिस
पांच लाख के इनामी शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम के मंगलवार को वायरल हुए ऑडियो की हकीकत परखने के लिए पुलिस की टीम भी लग गई है। ईओडब्ल्यू के अधिकारियों को भी इस संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद ऑडियो कहां से वायरल हुआ। किसने वायरल किया और राशिद ने इसे किसे भेजा था। इस संबंध में पड़ताल शुरू हो गई है। इसके लिए सर्विलांस टीम को लगा दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें