एकेटीयू में लेफ्ट ओवर परीक्षा 23 से। (फोटो ःप्रतीकात्मक)
- फोटो : ??? ?????
कोरोना के कारण परीक्षा से वंचित रहे विद्यार्थियों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने बड़ी राहत दी है।
विवि प्रशासन की ओर से सत्र 2021-22 की विषम सेमेस्टर स्नातक व परास्नातक के रेगुलर व कैरीओवर की परीक्षा में शामिल नहीं हो सके विद्यार्थियों के लिए लेफ्ट ओवर परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
विवि प्रशासन ने लेफ्ट ओवर परीक्षाएं 23 अप्रैल से प्रस्तावित की हैं। इसी क्रम में परीक्षा के लिए संभावित केंद्रों की सूची भी सोमवार को वेबसाइट पर जारी कर दी है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनुराग त्रिपाठी ने कॉलेजों को इसके लिए सूचित करते हुए कहा है कि इन केंद्रों को लेकर कोई दिक्कत है तो इसकी सूचना मेल से 15 अप्रैल तक सूचित करें। इसके बाद इसमें संशोधन नहीं किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में वही छात्र शामिल हो सकेंगे जो विषम सेमेस्टर सत्र 2021-22 की परीक्षा में अनुपस्थित थे। साथ ही जिन्होंने उक्त परीक्षा के लिए फॉर्म नहीं भरा था।
इसके अलावा जिन छात्रों ने परीक्षा फॉर्म तो भर दिया था, लेकिन शुल्क जमा नहीं कर पाए थे। वो भी परीक्षा दे सकेंगे।
प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि लेफ्ट ओवर परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म-16 अप्रैल तक भरे जाएंगे। इससे संबंधित विस्तृत जानकारी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विद्यार्थी उसे पढ़कर ही परीक्षा फार्म भरें।