एलडीए अपनी दो नई आवासीय योजनाओं के लिए बख्शी का तालाब और गोसाईगंज में करीब 7849 एकड़ जमीन लैंडपूलिंग से अर्जित करेगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। लैंडपूलिंग के लिए किसानों और भू-स्वामियों से सहमति बनाकर योजना का विकास शुरू कराया जाएगा।
एलडीए को 16 गांवों में जमीन अर्जित करनी है। योजना के मुताबिक सीतापुर रोड पर बख्शी का तालाब तहसील में पांच गांवों की 2072 एकड़ (838.453 हेक्टेयर) जमीन का अर्जन होना है। वहीं, सुल्तानपुर रोड पर गोसाईगंज के पास 11 गांवों की करीब 5,777 एकड़ (2337.93 हेक्टेयर) जमीन ली जानी है।
पूर्व में इन गांवों के लिए डीएम के माध्यम से प्राधिकरण मुआवजेे की दरें तय करवा रहा था। एलडीए के नोटिफिकेशन के मुताबिक जमीन प्राधिकरण सीमा बढ़ने के बाद अर्जित की जा रही है। येे 16 गांव उन 197 में शामिल हैं जिन्हें महायोजना 2031 में प्राधिकरण की सीमा में शामिल किया गया है।
इन 197 गांवों के विकास की जोनल योजना भी एलडीए को बनानी है। इस पर काम हो रहा है। 16 गांवों में सुल्तानपुर रोड के 11 गांव मलूकपुर ढकवा, ढकवा, कोरियानी, मलौली, बाजूपुर, चौरहिया, चांद सराय, दुलारमऊ, मोअज्जमनगर, सेमनापुर, सलौली शामिल हैं। वहीं, बख्शी का तालाब के पांच गांव चंदाकोडर, नगवामऊ खुर्द, नगवामऊ कलां, दुर्जनपुर और राजपुर हैं।