लखनऊ। शहर के दो प्रमुख पुलों पर आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने एलडीए को पत्र लिखकर पुलों पर आत्महत्या रोधी सुरक्षा बाड़ लगाने का सुझाव दिया है। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने जाली लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि गोमतीनगर इलाके में सामाजिक परिवर्तन प्रतीक स्थल से 1090 चौराहा और समतामूलक से 1090 चौराहे को जोड़ने वाले पुलों पर ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। निरीक्षण के दौरान इन पुलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं पाई गई। ऐसे में पुलों पर सुरक्षा बाड़ लगाकर इन घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है। पुलों पर निगरानी संबंधी संकेतक पट भी लगाए जाएं। इन उपायों से बहुमूल्य मानव जीवन की हानि रुक सकेगी। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने कहा कि दोनों पुलों पर ऊंची-ऊंची जालियां लगाई जाएंगी। निगरानी के लिए निगरानी कैमरे भी स्थापित किए जाएंगे।