लखनऊ। इंदिरानगर की शिव विहार कॉलोनी निवासी अनिल सिंह ने 13 लोगों पर स्कूटी लूटने और उन्हें व दोस्तों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाया है। अनिल ने विभूतिखंड थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अनिल ने बताया कि 15 जून को दोपहर करीब 3:30 बजे वह गोमतीनगर जा रहे थे। विभूतिखंड स्थित मधुरिमा होटल के पास सुशील जायसवाल व उसके 12 साथियों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने उनकी स्कूटी लूटी और उन्हें आरके टिंबर की पार्किंग ले गए। वहां रॉड और लाठी-डंडों से उन्हें पीटा गया। आरोपियों ने छोड़ने के बदले सात हजार रुपये मांगे। उनके कहने पर दोस्त शशि प्रताप सिंह दो साथियों के साथ रुपये लेकर पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें भी बंधक बनाकर पीटा और रुपये व स्कूटी लेकर भाग निकले। विभूतिखंड पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के बाद रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना का कारण नहीं पता चल सका है। पीड़ित को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।