हुसैनाबाद क्षेत्र को टीले वाली मस्जिद से लेकर छोटे इमामबाड़े तक नो मोटर ह्वीकल जोन बनाए जाने के प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया गया है। एलडीए के इस फैसले से ऐतिहासिक महत्व के रूमी गेट और छोटा इमामबाड़ा गेट के संरक्षण की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है।
टीले वाली मस्जिद के पीछे बांध रोड के निर्माण भले ही शुरू हो गया है, लेकिन इसे यहां की वाहन संख्या के दबाव के अनुकूल नहीं माना गया है। हेरिटेज जोन में विकास कार्यों की नोडल एजेंसी एलडीए की ओर से इस आशय की औपचारिक जानकारी दी गई है।
हुसैनाबाद हेरिटेज जोन को विकसित करने के लिए सरकार करीब 200 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। मगर इस सुंदरीकरण को तब तक अधूरा माना जा रहा है जब तक यहां संरक्षण की कोई योजना न हो। पुरातत्व और पर्यटन विशेषज्ञ कई बार सरकार को सलाह दे चुके हैं कि आगरा की तर्ज पर टीले वाली मस्जिद से छोटे इमामबाड़े तक सड़क को नो मोटर ह्वीकल जोन बना दिया जाए।