लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में असिस्टेंट प्रो. डॉ. राहुल मिश्रा, सरकार की हर घर नल योजना के प्रभाव और महत्व का अध्ययन करेंगे। इस अध्ययन में मूलतः स्वच्छ पेयजल के लिए संघर्ष कर रहे इलाकों को चुना गया है। इसमें रायबरेली जिले के ऊंचाहार तहसील के गांव शामिल हैं।
हर घर नल योजना का असर और उसका ग्रामीण आबादी को मिलने वाला लाभ जानने के लिए डॉ. राहुल को सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से सेंटर फॉर एक्सीलेंस के तहत 4.90 लाख अनुदान मिला है। डॉ. राहुल के मुताबिक, इस इलाके में पेयजल की स्थिति बहुत बेहतर नहीं थी।
अवधी लोकगीतों की होगी रिकॉर्डिंग
सेंटर फॉर एक्सीलेंस के अंतर्गत विवि में पत्रकारिता विभाग की डॉ. रुचिता को चार लाख की ग्रांट मिली है। इसके अंतर्गत वह अवधी लोक गीतों के संरक्षण और संवर्धन पर काम करेंगी। इसमें लुप्त हो रहे अवधी गीतों को ऑडियो व वीडियो फॉर्म में रिकॉर्ड किया जाएगा। साथ ही उनको किताब में प्रकाशित भी किया जाएगा।