माल। बघोलवा गांव में सोमवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने दामाद व उसके घरवालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सैरपुर निवासी केशनपाल वर्मा के मुताबिक दो साल पहले बेटी मानसी (22) का विवाह माल के बघोलवा गांव निवासी विपिन वर्मा के साथ किया था। शादी के कुछ दिन बाद दामाद व उसके घरवाले दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने लगे। चार दिन पहले विपिन बेटी को मायके में छोड़कर कहीं चला गया। सोमवार रात साढ़े नौ बजे लौटा और मानसी से सुसराल चलने की बात कही थी। रात अधिक होने पर बेटी ने मना किया तो वह झगड़कर उसे साथ लेकर चला गया।
केशनपाल का आरोप है कि रात करीब 12.30 बजे विपिन के पिता ने उन्हें कॉल कर बेटी के जहरीला पदार्थ पीने की सूचना दी। वह व परिजन ससुराल पहुंचे, वहां पता चला कि दामाद बेटी को लेकर अस्पताल गया है। अस्पताल गए तो मानसी मृत मिली।
आरोप, शरीर पर थे चोट के निशान
मानसी के भाई का आरोप है कि बहन के शरीर पर चोट के निशान थे। गले पर भी कुछ निशान थे। विवाहिता के पिता ने दामाद विपिन, सास प्रियंका, दादी मालती व फुफिया ससुर अनिल के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर विनय कुमार चतुर्वेदी के मुताबिक मानसी के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। विपिन से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।