अरविंद केजरीवाल को राजीव गांधी महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध के दौरान महिलाओं की ‘आप’ कार्यकर्ताओं व पुलिस से तीखी नोक-झोंक भी हुई।
तीन दिवसीय अमेठी दौरे पर आए आम आदमी पार्टी नेता व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले दिन रविवार को अमेठी विधानसभा क्षेत्र में रोड शो व नुक्कड़ सभाएं करने निकले थे।
अरविंद और डॉ. कुमार का काफिला भादर ब्लॉक के अयोध्या नगर बजार पहुंचा तो राजीव गांधी महिला स्वयं सहायता समूह परियोजना की स्थानीय फील्ड ऑफिसर कुसुम मंजरी के नेतृत्व में महिलाएं अचानक सड़क पर उतर आईं।
महिलाएं दिल्ली का भगोड़ा केजरीवाल वापस जाओ के नारे लगा रही थीं। उनकी नारेबाजी चल ही रही थी कि केजरीवाल का काफिला भी वहां पहुंच गया।
इस्तीफे पर दी सफाई
दिल्ली में अपनी सरकार के 49 दिन के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली का बिल आधा किया। जनता को साढ़े छह सौ लीटर मुफ्त पानी दिया।
भ्रष्टाचार में कमी आई। पुलिस वालों ने पैसे लेना बंद कर दिया। सरकारी अस्पतालों में दवाइयां मिलने लगीं।
तब कांग्रेस बीजेपी को लगा कि ‘आप’ की राजनीति से उनकी लुटिया डूबने वाली है और ये दोनों पार्टियां एक हो गईं।
ऐसे माहौल में अंतरआत्मा की आवाज पर मैने इस्तीफा दे दिया।
स्मृति कमजोर प्रत्याशी
आम आदमी पार्टी ने यहां अपने सबसे मजबूत नेता कुमार विश्वास को मैदान में उतारा है। वे लगातार चार महीने से आपके बीच हैं।
भाजपा ने अमेठी से हमेशा कमजोर प्रत्याशी मैदान में उतारा है। स्मृति ईरानी भी उसी कड़ी में हैं।
गौरतलब है कि अभी जल्द ही स्मृति ईरानी ने अमेठी से पर्चा दाखिल किया है।
उम्मीद की जा रही है कि देश में मोदी लहर के बनने के बाद वह अमेठी में राहुल को कड़ी चुनौती देंगी।
केजरीवाल का राहुल पर हमला
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा की तरह इस बार भी अमेठी में कांग्रेस के सामने कमजोर प्रत्याशी उतारा है।
उन्होने राहुल गांधी के बारे में कहा कि वह घबरा गए हैं क्योंकि अब उन्हें अमेठी में कुमार विश्वास से कड़ी चुनौती मिल रही है।
केजरीवाल के अनुसार सोनिया गांधी को 10 साल में यहां पहली बार सभा करनी पड़ी है। रोड शो के दौरान नुक्कड़ सभाओं में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी न तो वोट मांगने आते हैं और न वोट के बाद कभी आएंगे।
अमेठी में राहुल गांधी और वाराणसी में नरेंद्र मोदी की पराजय तय है। दोनों के हारने से कांग्रेस और भाजपा के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे।
अमेठी में फिक्सिंग करती कांग्रेस
‘आप’ नेता कुमार विश्वास के चुनाव प्रचार में अमेठी आए अरविंद केजरीवाल रविवार को टीकरमाफी स्थित स्वामी परमहंस धाम पर पहुंचे और पवित्र समाधि पर माथा टेक दुआएं मांगीं।
इसके बाद उन्होंने टीकरमाफी बाजार में रोडशो और सभा की। केजरीवाल ने कहा कि कुछ तो है अमेठी में जो राहुल गांधी घबरा गए हैं।
सोनिया गांधी को दस साल में पहली बार यहां सभा करनी पड़ रही है।
अभी तक अमेठी में मैच फिक्सिंग होती रही है। मजबूत विकल्प के अभाव में राहुल गांधी जीतते रहे।
अमेठी को दलालों के भरोसे छोड़ा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज सारा देश गांधी परिवार से दुखी है। 2जी, कोयला, कॉमनवेल्थ समेत कई घोटालों ने देश की कमर तोड़ दी।
अमेठी को दलालों के भरोसे छोड़ दिया। दलाल जनता की सड़क जैसी सहूलियतों तक का पैसा खा गए। साढ़े तीन दशक से सिर्फ कांग्रेस के रोड शो देखती आई अमेठी की जनता ने रविवार को अलग नजारा देखा।
अमेठी से शुरू हुए रोड शो के दौरान छोटे-छोटे गांवों के पास भी तमाम लोग अरविंद केजरीवाल का इंतजार करते दिखे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली सफलता के बाद लोगों में अरविंद केजरीवाल को सामने से देखने और सुनने की इच्छा थी।