फैजाबाद रोड पर मंगलवार को कमता के पास जेसीबी ने एचएएल उपकेंद्र को जाने वाले 33 केवी केबल को काट दिया। इससे तमाम इलाकों की बिजली गुल हो गई। लेसा ने जेसीबी ठेकेदार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
दुबग्गा में सोमवार को ट्रांसफार्मर खराब होने एवं गोमतीनगर में ट्रक की टक्कर से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से सात से नौ घंटे तक बिजली ठप रही।
एचएएल उपकेंद्र का केबल कटा तो फैजाबाद रोड, नीलगिरी, इंदिरानगर आदि इलाकों में सुबह 10 बजे उत्पन्न हुआ संकट दोपहर 12 बजे सामान्य हुआ।
एसडीओ मोहम्मद हसीब ने बताया कि वैकल्पिक फीडर से उपकेंद्र को चालू करके बिजली आपूर्ति की गई। दुबग्गा के फरीदीपुर में सोमवार रात एक बजे 100 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया जो मंगलवार सुबह नौ बजे बदल सका।
गोमतीनगर के भरवारा में सोमवार रात दो बजे ट्रक ने पोल में टक्कर मार दी। इससे 10 केवीए का ट्रांसफार्मर और पोल-तार क्षतिग्रस्त हुआ। इससे मंगलवार सुबह नौ बजे तक बिजली ठप रही।
सोमवार दोपहर 3:30 बजे औद्योगिक तालकटोरा क्षेत्र की गुल हुई बिजली 10 घंटे के बाद रात ढाई बजे चालू हो सकी। उद्यमी प्रतिनिधि मोहम्मद यूनुस सिद्दीकी का आरोप कि घटिया बिजली उपकरण के चलते आए दिन आपूर्ति ठप हो रही है। उन्होंने इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
पावर स्टेशन इटौंजा के गांव खेरिया में दस-दस केवीए के तीन ट्रांसफार्मर महीने भर से जले पडे़ हैं। इससे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है।
ग्रामीणों ने कई बार पावर स्टेशन व लेसा के अधिकारियों से शिकायतें की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह पावर स्टेशन में हंगामा किया।
वहीं, पावर स्टेशन इटौंजा के गांव कल्याणपुर का 63 केवीए का ट्रांसफार्मर दो दिनों से खराब है और गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है।
वहीं, पावर स्टेशन इटौंजा में सोमवार रात आई तकनीकी खराबी से पंप कैनाल फीडर से जुडे़ गांवों की बिजली चार घंटों तक गुल रही।
वहीं, पावर स्टेशन इटौंजा, बख्शी का तालाब व बौरुमऊ के गांवों व कस्बों में मंगलवार सुबह से शाम तक घंटो बिजली की आवाजाही बनी हुई है।
निशातगंज क्षेत्र में सोमवार को दवा कारोबारी ने बिलिंग एजेंसी के मीटर रीडर को पीटा। इसके खिलाफ महानगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो गया है।
डालीगंज खंड के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि आर कन्या स्कूल के निकट स्थित मेडिकल स्टोर की मीटर रीडिंग करने पर कारोबारी ने रीडर मुकेश कुमार से अभद्रता करते हुए पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना के सिलसिले ने मंगलवार को बृजेश कुमार ने कोतवाल से मुलाकात करके पुलिस को तहरीर दी थी।