लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र (शुल्क विनियमन) अधिनियम 2018 की अवहेलना करने वाले राजधानी के 23 निजी विद्यालयों के खिलाफ जिला प्रशासन अब एक्शन की तैयारी में है। अभिभावकों ने इन विद्यालयों पर फीस की बढ़ोतरी, विशेष दुकान से यूनिफॉर्म और कॉपी-किताब लेने का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में बनी जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक शनिवार को होनी है। अभी तक अभिभावकों की ओर से मिली शिकायतों की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और उसके आधार पर समिति अंतिम फैसला लेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राकेश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय में समिति के सभी नोडल अधिकारियों व सदस्यों की बैठक बुलाई गई है। इसमें अभी तक मिली शिकायतों की जांच रिपोर्ट रखी जाएगी। जानकीपुरम सेक्टर-एच स्थित ब्राइट वे इंटर कॉलेज में फीस बढ़ोतरी का मामला सामने आया था। अभिभावकों की शिकायत के आधार पर कमेटी ने विद्यालय पहुंचकर जांच की और उस आधार पर रिपोर्ट तैयार की है।
डीआईओएस ने बताया कि ब्राइट वे इंटर कॉलेज की तरह राजधानी के सीएमएस, सेठ जयपुरिया स्कूल, डीपीएस जानकीपुरम, एलएलएम हाउस पब्लिक स्कूल, सेंट फ्रांसिस सहित अन्य स्कूल शामिल हैं। अभिभावकों ने इन विद्यालयों के खिलाफ फीस की बढ़ोतरी, यूनिफॉर्म में बदलाव और विशेष दुकान से किताब खरीदने का दबाव जैसी शिकायतें की है। जांच पड़ताल के आधार पर रिपोर्ट तैयार की गई है।