उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में सोमवार से प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) व प्रवक्ता (पीजीटी) की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार शुरू हो गया। पहले दिन टीजीटी हिंदी विषय के 210 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
साक्षात्कार सुबह 10 से 05 बजे तक चला। अभ्यर्थियों को सुबह 09 बजे चयन बोर्ड कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करानी थी। 29 तथा 30 मई को भी हिंदी विषय के 210-210 अभ्यर्थी बुलाए गए हैं। जबकि 31 मई को हिंदी के 92 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। इसी दिन संस्कृत विषय के 116 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। साक्षात्कार के बाद चयन बोर्ड से बाहर आए अभ्यर्थियों ने बताया कि उनसे विषय से संबंधित ही प्रश्न पूछे गए।
बता दें कि विज्ञापन संख्या 02/2011 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक की लिखित परीक्षा में हिंदी विषय के 722, संस्कृत के 324, विज्ञान के 559 तथा विज्ञापन संख्या 03/2011 प्रवक्ता की लिखित परीक्षा में हिंदी के 180, वाणिज्य के 33, इतिहास के 66, नागरिक शास्त्र के 63, वनस्पति विज्ञान के 07 एवं मनोविज्ञान के 06 अभ्यर्थी सफल घोषित हैं। कुल 1960 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 07 जून 2018 तक एलनगंज स्थित चयन बोर्ड कार्यालय में चलेगा।